हनुमानगढ़| टाउन स्थित जिला अस्पताल की एमसीएच यूनिट में चल रहे निर्माण कार्य में सोमवार दोपहर को चौथी मंजिल से नीचे गिरकर दो मजदूर गंभीर घायल हो गए। हादसा लोहे की गाडर फिसलने के कारण होना बताया जा रहा है। हालत गंभीर होने पर दोनों मजदूरों को उपचार के लिए बीकानेर के पीबीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया। एमसीएच यूनिट की चौथी मंजिल पर दोपहर साढ़े 12 बजे लोहे की गाडर पर चढ़कर लिपाई का काम कर रहे दो मजदूर गाडर फिसलने से नीचे आ गिरे। हादसे के बाद मौके पर लोग इकट्ठे हो गए। इस बीच गंभीर घायल मजदूर नवाब खां (26) पुत्र कासम अली छींपा मुसलमान निवासी रूपनगर एवं कालासिंह पुत्र अवतारसिंह रायसिख निवासी अमरपुरा थेड़ी को तत्काल ट्रोमा सेंटर में ले जाया गया। हैड इंजरी होने पर डॉक्टरों ने दोनों घायलों को हायर सेंटर रेफर कर दिया। इस बीच पीएमओ डॉ. दीपकमित्र सैनी ने मामले की जानकारी ली। वहीं एनएचएम के अभियंताओं ने ठेकेदार से हादसे की जानकारी ली। गौरतलब है कि करीब साढ़े सात करोड़ रुपए की लागत से एमसीएच यूनिट का विस्तार किया जा रहा है। इस यूनिट को 50 बैड से 100 बैड क्रमोन्नत किया गया है। 50 बैड और बढ़ाए जाने के लिए निर्माण कार्य चल रहा है। अस्पताल चौकी प्रभारी आशुतोष मीणा ने बताया कि घटना की सूचना टाउन थाना में दी गई। इस संबंध में कोई केस दर्ज नहीं कराया गया है।