पीलीबंगा| श्री सांईं मस्त मंडल पीलीबंगा द्वारा ‘एक शाम लाडी सांईं के नाम’ सोमवार रात्रि को कस्बे के गांधी स्टेडियम में आयोजित भजन संध्या में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। जालंधर पंजाब के सूफी कलाकार मुकेश इनायत ने बाबा मुराद शाह, लाडी सांईं व विक्की शाह के भजनों की ऐसी शृंखला पेश की कि देर रात्रि तक श्रद्धालु नाचते रहे। मुकेश इनायत ने ‘सानूं बड़ी ओखी मिली हैं फकीरी सजना’, ‘किने पहुंचना सी नकोदर नूं, जे लाडी सांईं आंदे ना’ व ‘शिव शंकर का डमरू’ आदि भजन सुनाकर श्रद्धालुओं को भाव विभोर कर दिया। भजन संध्या में जम्मू से आईं पारूल कश्यप ने भी अपनी सुरीली आवाज का जादू बिखेरते हुए गणेश वंदना से भजनों का आगाज किया। इसके उपरांत पारूल ने ‘जुगनी कटती चरखा, नाम लेती सांईं दा’, ‘बुल्ला नचाया इश्क दे साजा ते’, ‘मस्त बना देण गे बीवा’ व ‘टिकता दो ले लंई’ भजन सुनाकर शमां बांधा। कार्यक्रम में सूफी एंकर राकेश केशू ने मंच संचालन करते हुए अपनी अदाओं से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में आयोजकों द्वारा ड्रोन से की गई पुष्पवर्षा आकर्षण का केंद्र रही। किरयाना खुदरा विक्रेता संघ द्वारा श्रद्धालुओं में मीठे चावलों की देग का प्रसाद वितरित किया गया। तरुण संघ द्वारा जूतारक्षण की व्यवस्था की गई। इसके अलावा भजन संध्या में श्री सालासर सेवा समिति की महिलाओं ने व्यवस्था बनाने में सहयोग किया। पीलीबंगा गैस सर्विस के प्रबंधक जाकिर हुसैन कुरैशी व स्टाफ द्वारा श्रद्धालुओं के लिए चाय की व्यवस्था की गई। श्री राधा कृष्ण सेवा समिति ने शीतल पेय में सहयोग किया। कार्यक्रम में समिति के संजय जैन, अमित दीक्षित, नरेश बंसल, कुलदीप स्वामी, अशोक सरना, प्रकाश बंसल, आशीष गर्ग आदि मौजूद रहे।
0 Comments