रावतसर| पालिकाध्यक्ष पति हरवीर सहारण हत्याकांड में शूटर मंजीत से पूछताछ में हत्याकांड की साजिश में दो और आरोपियों का नाम सामने आया है। हरियाणा की हिसार जेल में बंद दोनों आरोपियों को पुलिस पूछताछ के लिए प्रोडक्शन वारंट पर लाई है। पुलिस ने शुक्रवार को कोर्ट में पेश कर 8 अक्टूबर तक रिमांड पर लिया है। सीआई अरविंद बेरड़ ने बताया कि शूटर मंजीत यादव पुत्र रामफल यादव निवासी ढाणी धोला पुलिस थाना लुहारु जिला भिवानी (हरियाणा) को दोबारा रिमांड पर लिया गया है। आरोपी जोगेंद्र सिंह उर्फ धोलिया पुत्र भंवरसिंह राजपूत निवासी श्यामपुरा पुलिस थाना सतनाली जिला महेंद्रगढ़ व मोहित उर्फ जैलदार पुत्र जयसिंह जाट निवासी गादड़बास पुलिस थाना लुहारु जिला भिवानी को भी रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। इससे पहले हत्या की वारदात में प्रयुक्त हथियार पुलिस ने बरामद कर लिए। मुख्य आरोपी शार्प शूटर मंजीत यादव व रामनिवास महला की निशानदेही से पुलिस ने दो पिस्तौल व कारतूस बरामद किए। सीआई ने बताया कि हत्याकांड के मास्टरमाइंड बैंक चेयरमैन महेंद्र पूनिया, रामनिवास महला व बीकानेर जेल से लाए गए हार्डकोर अपराधी अजीत यादव को पुलिस शनिवार को रिमांड अवधि समाप्त होने पर कोर्ट में पेश किया जाएगा। इससे पहले 4 आरोपियों को पुलिस ने जेल भिजवा दिया था। गौरतलब है कि 24 सितंबर को एसडीएम कोर्ट परिसर में पालिकाध्यक्ष नीलम सहारण के पति पार्षद हरवीर सहारण की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी।