श्रीगंगानगर| दैनिक भास्कर की ओर से हर सोमवार पेंशनर्स के लिए विशेष कॉलम का प्रकाशन किया जा रहा है। जिलेभर से पेंशनर्स व बुजुर्ग अपनी परेशानी बताते हैं, जिन्हें हमारे द्वारा प्रमुखता से प्रकाशित किया जाता है। जिला अस्पताल में जांच के लिए आने वाले बुजुर्गों की परेशानी यह रहती है कि उन्हें बैठने के लिए उपयुक्त स्थान नहीं मिल पाता। वहीं, दवा वितरण केंद्र, पर्ची काउंटर व ओपीडी के बाहर लंबी लाइन में लगकर अपनी बारी आने का इंतजार करना पड़ता है। वहीं, अनेक पेंशनर्स की शिकायत यह भी है कि सरकार पेंशन का लाभ दे रही है, लेकिन अफसरों की लापरवाही की वजह से पेंशन शुरू ही नहीं होती।

केस-1. श्रीकरणपुर से जिला अस्पताल दिखाने आए 68 वर्षीय हरजीतसिंह का कहना है कि सांस की तकलीफ की वजह से बड़े अस्पताल दिखाने आया। यहां पर्ची काउंटर पर लंबी लाइन लगी थी। अधिक उम्र व बीमारी की वजह से लाइन में लगना संभव नहीं था। अस्पताल में बुजुर्गों के बैठने व पर्ची के लिए अलग ही व्यवस्था होनी चाहिए।

केस-2. लालगढ़ जाटान निवासी महेंद्र कौर परेशानी में हैं। 65 वर्षीय कौर का कहना है कि जनवरी माह में वृद्धावस्था पेंशन के लिए फार्म भरा था। इसके बाद कई बार ई-मित्र पर जाकर पता किया, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। कोई यह तक नहीं बताता कि पेंशन शुरू भी होगी या नहीं। आश्वासन मिलता है कि जल्द पेंशन शुरू हो जाएगी।

अगर आप भी पेंशन से संबंधित समस्या से जूझ रहे हैं तो नंबर 9982216008 पर पूरी जानकारी वाॅट्सअप करें।