पीलीबंगा| रावतसर रोड पर पंडितांवाली के पास गुरुवार दोपहर अजीबो-गरीब हुए सड़क हादसे में चार जने घायल हो गए जबकि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में पहले एक बाइक असंतुलित होकर गिरी तो पीछे से आ रही दूसरी बाइक उसमें टकराई और फिर तीसरी बाइक दूसरे रास्ते से आ रही थी वह भी इन दोनों में भिड़ गई। घटना को लेकर थाने में कोई मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है। पुलिस ने जरूरी कार्रवाई के बाद मृतक का शव उसके परिजनों को सौंप दिया। पुलिस के अनुसार पंडितांवाली निवासी शीशपाल(17) पुत्र ओमप्रकाश जाति जाट अपनी बाइक पर पीलीबंगा से पंडितांवाली को जा रहा था। तभी सामने से अचानक एक आवारा पशु के आ जाने से सिद्धार्थ की बाइक का संतुलन बिगड़ जाने से वह गिर गया। तभी पीछे से बाइक पर आ रहे जीतराम (40) पुत्र लालचंद जाखड़ जाति जाट निवासी चक 46 एनडीआर व जीतराम के पीछे बाइक पर अपनी पुत्रियों प्रियंका (18) व रवीना(19) के साथ बाइक पर आ रहा बलवंतराम(50) पुत्र जैसाराम जाति मेघवाल निवासी जोरावरपुरा के बाइक पीछे से शीशपाल के बाइक से टकरा गए। इस घटना में शीशपाल की तो मौके पर ही मौत हो गई। जबकि जीतराम, बलवंतराम, प्रियंका व रवीना के गंभीर चोटें आईं। जीतराम को प्राथमिक उपचार के बाद हनुमानगढ़ रेफर कर दिया गया है। जबकि बलवंत, प्रियंका व रवीना को कस्बे के सरकारी अस्पताल में उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

स्कूटी चालक डिवाइडर से टकराया, घायल : रावतसर रोड पर गुरुवार शाम को सड़क दुर्घटना में स्कूटी पर सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वार्ड 5 निवासी दीपक(20) पुत्र बृजलाल अपनी स्कूटी पर तेज रफ्तार से रावतसर रोड पर चढ़ा तभी संतुलन बिगड़ने से डिवाइडर में जा टकराई। घटना में दीपक के चेहरे व हाथों पैरों पर गंभीर चोटें आई हैं। दुकानदारों ने दीपक को पिकअप में डाल सरकारी अस्पताल पहुंचाया। जहां उपचार चल रहा था।