हनुमानगढ़| होमगार्ड जवानों को नियमित रोजगार प्रदान करने के संबंध में
बुधवार को राजस्थान होमगार्ड कर्मचारी संगठन जिला शाखा ने मुख्यमंत्री के
नाम का ज्ञापन कलेक्टर को सौंपा। उन्होंने ज्ञापन देते हुए चेताया कि यदि
होमगार्ड जवानों को नियमित रोजगार नहीं दिया गया तो वे चुनाव ड्यूटी एवं
डाक मत पत्रों का और परिवार द्वारा भी चुनाव का बहिष्कार करेंगे। ज्ञापन
में बताया गया कि वर्ष 2013 के सरकार के घोषणा पत्र में शामिल राजस्थान में
होमगार्ड जवानों को 12 माह रोजगार लागू करें। इसके लिए गृह मंत्रालय में
प्रस्ताव पारित हुआ था। इसमें पुलिस प्रशासनिक, न्यायिक अधिकारी एवं अन्य
विभागाध्यक्षों, राजनैतिक पदासीन व्यक्तियों के गार्ड के रूप में एवं सभी
कार्यालयों में अनुबंध, ठेकेदारी प्रथा समाप्त करते हुए जवानों को योग्यता
अनुसार चपरासी, गार्ड, सुरक्षा कर्मी, ड्राइवर, लिपिक, कंप्यूटर आपरेटर,
तकनीकी सहायक के रूप में लगाएं। होमगार्ड सुनील दत्त ने बताया कि वर्तमान
में कुल 31 हजार 700 जवानों में से प्रत्येक जवान को एक वित्तीय वर्ष में
अधिक से अधिक 3 या 4 माह का ही रोजगार मिलता है। जबकि प्रत्येक 5 साल बाद
किए जाने वाले सदस्यता नवीनीकरण को समाप्त करते हुए जवान की सेवा अवधि 60
वर्ष की आयु तक लागू की जानी चाहिए। इसके अलावा ड्यूटियों में वेतन भत्ते,
दुर्घटना या मृत्यु होने पर पुलिस के समान सुविधाएं और लाभ दिए जाने चाहिए।
इस मौके पर प्रेम कुमार, मोनू सिंह, पूजा शर्मा, सुरेंद्र कुमार, देवेंद्र
सिंह, सुनील कुमार, मनोज कुमार शर्मा, सुनील आदि मौजूद थे।
0 Comments