श्रीगंगानगर|नेशनल हाइवे पर रविवार रात को कार लूटने के प्रयास की वारदात का पुलिस को अगले दिन भी कोई सुराग हाथ नहीं लगा। सदर थाना प्रभारी राजेश सिहाग ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस ने संदिग्ध लोगों से पूछताछ की है। जांच के दौरान पुलिस ने शिव चौक से सूरतगढ़ बाइपास तक लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली है। इनमें कहीं-कहीं कार जाती हुई दिख रही है, लेकिन आरोपियों की पुष्टि नहीं हो पा रही। जिसके चलते पुलिस ने सोमवार को कुछ संदिग्ध लोगों से जानकारी जुटाने का प्रयास किया। गौरतलब है कि अज्ञात आरोपी रविवार दिन में किराए की कार चालक इब्राहिम खान को लेकर घूमते रहे। इसके बाद रात को फिर इब्राहिम खान के पास आ गए और सूरतगढ़ बाइपास पर जाने के लिए कार किराए पर की थी। बाइपास पर पहुंचते ही आरोपियों ने ड्राइवर की कनपटी पर पिस्तौल लगा कार छीनने का प्रयास किया था।

कोड़ा चौक के निकट मिले शव को मोर्चरी में रखवाया : कोड़ा चौक के निकट सोमवार को अज्ञात लावारिस व्यक्ति का शव मिला। सूचना के बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को मोर्चरी में रखाया और शिनाख्त का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार सोमवार शाम तक मृतक के संबंधियों या रिश्तेदारों की कोई जानकारी नहीं मिल पाई।