Hanumangarh - बोर्ड परीक्षा में 75% से ज्यादा अंक लाने वाली जिले की 3449 होनहार बेटियों को गार्गी पुरस्कार दिए
शिक्षा विभाग की ओर से गुरुवार को जिलेभर में ब्लॉक स्तर पर प्रतिभावान छात्राओं को गार्गी व पदमाक्षी पुरस्कार वितरित किए गए। जिला मुख्यालय पर टाउन स्थित सरकारी कन्या उच्च माध्यमिक स्कूल में कार्यक्रम हुआ। इसमें मुख्य अतिथि कलेक्टर दिनेशचंद्र जैन ने कहा कि छात्राएं और अधिक मेहनत कर शिक्षा के क्षेत्र में जिले का नाम रोशन करें। उन्होंनें कहा कि प्रतिभाओं के लिए आगे बढ़ने के लिए धन की कमी नहीं हैं। सरकार ने इसके लिए कई योजनाएं लागू की हैं। डीईओ हरलाल सिंह ने बताया कि जिले में गार्गी पुरस्कार के तहत 12वीं कक्षा की 1960 छात्राओं,10वीं कक्षा की 1489 छात्राओं एंव दसवीं कक्षा की द्वितीय किश्त के लिए 1513 छात्राओं को पुरस्कार राशि एंव प्रमाण पत्र दिए गए हैं। एडीईओ रणवीर शर्मा ने बताया कि हनुमानगढ़ ब्लॉक में 12वीं कक्षा की 299 छात्राओं, 10वीं की 250 छात्राओं एंव दसवीं की द्वितीय किश्त 260 छात्राओं को वितरित की गई है। उन्होंने बताया कि पदमाक्षी योजना के तहत जिले में 26 छात्राओं का प्रोत्साहन राशि दी गई है। इसमें 12वीं की 10 छात्राओं को एक-एक लाख रूपए व प्रशस्ति पत्र व स्कूटी, 10वीं की आठ छात्राओं को 75-75 हजार रूपए व प्रशस्ति पत्र एंव 8वीं की आठ छात्राओं को 40-40 हजार रूपए व प्रशस्ति पत्र दिया गया है। प्रोत्साहन राशि छात्राओं के बैंक खातों में हस्तांतरित की गई है। अतिथियों ने छात्राओं को प्रशस्ति पत्र वितरित किए। इस मौके पर पीआरओ सुरेश बिश्नोई, भाजपा युवा नेता अमित सहू, स्कूल प्रिसिंपल ममता गोस्वामी, महावीर सिंह, विनोद पूनिया आदि मौजूद थे।