टिब्बी| सिलवाला खुर्द रोही स्थित ढाणी में गुरुवार को दिहाड़ी करने के लिए गए एक युवक की मारपीट के बाद गंभीर हालत में उपचार के दौरान सरकारी अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने शुक्रवार को इस संबंध में तीन जनों के खिलाफ हत्यारोप में केस दर्ज किया है। सुखदेव सिंह निवासी चक 11-12 एसएल डब्ल्यू ने बताया कि उसका छोटा भाई भोला सिंह (35) उसके साथ ही रहता है। गुरुवार देर शाम करीब साढ़े सात बजे उसका छोटा भाई घर पर ही था। उसी दौरान सिलवाला रोही स्थित ढाणी निवासी कुलवंत सिंह व गुरदास सिंह पुत्र गुरप्यार सिंह जटसिख बाइक पर आए और भोलासिंह को घर पर किसी काम के लिए दिहाड़ी पर ले गए। उसने बताया कि इनसे पहले भी दिहाड़ी के लिए उनके घर आता जाता था। इसके बाद सिलवाला निवासी जगसीर सिंह पुत्र वेशाखा सिंह जटसिख ने देर रात करीब साढ़े 9 बजे फोन पर बताया कि अपने भाई भोला सिंह को हमारी ढाणी से ले जाओ। यह हमारे खिलाफ बोलता था उसका इलाज कर दिया है। इस बीच मारपीट की सूचना टिब्बी पुलिस थाने में दी जिसके बाद टिब्बी पुलिस थाना प्रभारी सीआई शकील अहमद जाब्ते सहित मौके पर पहुंचे और घायलावस्था में भोला सिंह को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया। गंभीर चोट आने पर शुक्रवार सुबह उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मारपीट कर हत्या करने के आरोप में कुलवंत सिंह, गुरदास सिंह व जगसीर सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर जांच कर रही है। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक युवक इससे पहले नशे की हालत में एक ट्रक चालक से भी उलझ गया था। इसके बाद ढाणी में घुस गया और घर में मौजूद लोगों ने मना किया तो उलझ गया। मारपीट कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने घायलावस्था में युवक को उपचार के लिए टिब्बी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया। जहां पर उपचार के दौरान सुबह दम तोड़ दिया। जांच अधिकारी सीओ एससी एसटी सैल हनुमानगढ़ निहाल सिंह ने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। इस मामले में संलिप्त आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।