शहर के एक कॉलेज में पढ़ रही छात्रा के साथ उसके गांव के ही एक युवक ने दुष्कर्म कर वीडियो बनाई और ब्लैकमेल करने लगा। युवक को समझाइश के बाद भी जब वह नहीं माना तो पीड़िता ने एसपी के समक्ष पेश होकर अपनी पीड़ा बताई और आरोपी युवक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की। एसपी ने मामला लालगढ़ थाना पुलिस को देकर तस्दीक कराई और युवक के खिलाफ दुष्कर्म की वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने के आरोप में केस दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। पुलिस ने अनुसार थाना क्षेत्र निवासी युवती ने बताया कि करीब एक साल पहले पीड़िता शहर के एक कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी। इस दौरान उसके गांव के ही एक युवक ने बैंक भर्ती के फार्म भरने का बहना बनाया और पीड़िता को बाइक पर बैठा कर ले गया। युवक ने सुखाड़िया सर्किल के निकट एक कमरे में पीड़िता को लेजाकर चाय में नशीला पदार्थ पिला दिया और दुष्कर्म कर वीडियो बना लिया। जिसका पता लगने पर पीड़िता ने एतराज किया तो आरोपी युवक शादी का झांसा देता रहा। बाद में आरोपी युवक वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगा। इस दौरान आरोपी उससे जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाता रहा। इससे वह तीन माह की गर्भवती हो गई।