Padampur - एक दिन, 2 लूट; सुबह पदमपुर, दोपहर में श्रीगंगानगर में छीनी चेन, दोनों में ही लुटेरे दो और तरीका भी एक ही
जिले में तीन दिनों से लगातार हो रही लूटपाट की वारदातों ने पुलिस की पुख्ता कानून व्यवस्था के दावे की पोल खोल दी है। मंगलवार को पदमपुर और शहर के पुरानी आबादी इलाके में चैन स्नेचिंग की वारदात हुई। पहली वारदात सुबह 6:30 बजे पदमपुर इलाके में हुई। दूसरी वारदात दोपहर 12:30 बजे श्रीगंगानगर शहर के पुरानी आबादी इलाके में हुई। पदमपुर में अज्ञात बाइकर्स ने वार्ड 11 स्थित घर के बाहर खड़ी मोहिनी देवी के पास आकर एक बाबा के घर का पता पूछा और महिला को बातों में उलझाकर उसके गले से चेन तोड़ ली।

यहां सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे युवकों में बाइक चालक ने टोपी पहनी हुई थी तो बाइक पर पीछे बैठे चेन छीनने वाले युवक ने काला कुर्ता पहना था। श्रीगंगानगर शहर में पुरानी आबादी इलाके के वार्ड 10 में दोपहर 12:30 बजे वारदात हुई। यहां घर के बाहर बैठी श्रंृगारी देवी प|ी भागीरथ सोनी पड़ोसी महिलाओं से बातचीत कर रही थी। इस दौरान लाल रंग की बाइक पर सवार दो युवक महिला के नजदीक आए और एक ने बाइक से उतरकर किसी सुनीता देवी जो ब्यूटी पार्लर का काम करती है, के घर का पता पूछते हुए बातों में उलझा लिया। महिला कुछ समझ पाती इससे पहले पता पूछ रहे युवक ने महिला के गले से चेन तोड़ ली और फरार हो गए। पुलिस अफसरों के मुताबिक दोनों वारदातों का तरीका एक जैसा है। लेकिन कड़ी से कड़ी मिलाकर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस से पहले भास्कर जांच...पता पूछने के बहाने दोनों में बुजुर्ग महिलाओं को ही बनाया निशाना

1. लूट का तरीका एक जैसा|पदमपुर में सुबह 6:30 बजे और श्रीगंगानगर में 12:30 बजे लुटेरों ने की वारदात। दोनों ही घटना में पहले लुटेरों ने पता पूछा फिर चेन लूटी।

पुलिस की वही खानापूर्ति....सीसीटीवी फुटेज खंगाल चिन्हित किए युवक, रात तक कई जगह छापेमारी

श्रीगंगानगर में हुई घटना की जानकारी पुलिस अफसरों तक पहुंची तो पुरानी आबादी पुलिस सहित जवाहरनगर थाना पुलिस के एसआई विक्रम तिवाड़ी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटना स्थल के निकट लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए वारदात करने वाले बाइकर्स को चिन्हित कर लिया। शहर पुलिस ने बताया कि इलाके में गत 16 सितंबर को भरत नगर इलाके में महिला से हुई चैन स्नेचिंग की वारदात में भी एक युवक को चिन्हित किया गया है। वही युवक मंगलवार को इलाके में हुई वारदात में संदिग्ध माना गया है। चिन्हित किए जाने के बाद भी बाइकर्स की कोई पुष्ट जानकारी पुलिस के हाथ नहीं लग पाई। पुलिस ने कई जगह छापेमारी भी की।

...और यहां हाल देखिए|दो नशेड़ी भिड़े, पुलिस आई अौर लौट गई

पुरानी आबादी के वार्ड नंबर 14 में सोमवार रात दो नशेड़ी भाई किसी बात को लेकर भिड़ गए। झगड़ा इतना बढ़ा कि एक ने दूसरे के सिर में ईंट मार दी और दूसरे ने बीयर की बोतल। दोनों लहुलूहान हो गए और वहीं सड़क पर गिर गए। शोर-शराबा सुन लोग इकट्ठा हुए और पुलिस को सूचना दी। मौके पर आई पुलिस ने दोनों को देखा, लेकिन कार्रवाई कोई नहीं की। पुलिस ने कहा कि हम नशेड़ियों का क्या करें, इन्हें कहां ले जाएं।

वारदातों के बाद पार्षद पति ने जताया रोष, कहा-पुलिस सुधार करे, नहीं तो लोग प्रदर्शन करेंगे

नगरपरिषद वार्ड 10 की पार्षद कौशल्या सिहाग के पति कृष्ण सिहाग ने बताया कि पुरानी आबादी में पुलिस की गश्त बढ़ाए जाने की मांग की जाती रही है। गत दिनों इलाके के मंदिरों में चोरी, इसके बाद भरत नगर में महिला से चेन स्नेचिंग जैसी वारदातों के बाद भी पुलिस ने इन्हें हल्के में लिया। पुलिस ने गश्त और बीट प्रणाली में सुधार नहीं किया। इसके चलते मंगलवार को फिर बाइक सवार युवकों ने एक महिला के गले से चेन छीन ली। पार्षद पति सिहाग ने कहा कि नशेड़ियों के हौसले बुलंद हो गए हैं। इससे महिलाएं घरों में ही सुरक्षित नहीं हैं। वारदात करने वाले युवक शहर से बाहर के होने का अंदेशा मामले में जांच कर रहे एसआई विक्रम तिवाड़ी ने बताया कि बाइकर्स को देखते हुए लग रहा है कि वह शहर से बाहर के हैं। वारदात को अंजाम देकर अंदर के रास्तों से होते हुए गांवों में जाकर छिपने की आशंका लगाई जा रही है।

पुरानी आबादी में चैन लुटने की घटना का सीसीटीवी फुटेज देखती पुलिस और पुरानी आबादी में चैन स्नेचिंग की शिकार महिला काे पानी पिलाती महिला।

2. बुजुर्ग महिलाओं कोे ही लूटा|दोनों घटनाक्रम में एक बात कॉमन यह भी है लुटेरों ने बुजुर्ग महिलाओं के गले से ही चेन लूटी...और उसके बाद पतली गलियों में निकलकर बच निकले।

अलर्ट| अनजान युवक पता पूछने आएं तो बरतें सावधानी

राजस्थान पुलिस से सेवानिवृत्त हुए पीडी शर्मा बताते हैं कि वारदात का तरीका एक जैसा होने से लगता है कि आरोपी बुजुर्ग एवं अकेली महिला को ही निशाना बनाते हैं। पानी पिलाने या फर्जी पता पूछने के बहाने महिलाओं के नजदीक जाकर वारदात करते हैं। इससे बचने के लिए महिलाएं युवकों से दूरी बनाए रखें और उनकी बातों में ना आकर उनकी हरकतों पर नजर रखें और कुछ संदिग्ध लगने पर तुरंत शोर मचाएं।

3. स्पोर्ट्स बाइक, कलर अलग युवक दो|दाेनों ही वारदातों में दो युवक शामिल थे और दोनों में स्पोर्ट्स बाइक का प्रयोग किया गया था, लेकिन बाइक का कलर अलग था। एक में युवक ने टोपी व एक घटना में हेलमेट लगाया हुआ था।

सीधी बात योगेश यादव, एसपी

वारदातों में पकड़े जाने वाले आरोपी ज्यादातर नशेड़ी, जल्द पकड़ लेंगे सभी आरोपी

Q. पुलिस की सख्ती के बाद भी तीन दिन से लगातार छीना झपटी और लूट जैसी वारदातें हो रही है, क्या कहेंगे आप?

चैन स्नेचिंग सहित अन्य वारदातों के आरोपी ज्यादातर नशेड़ी प्रवृत्ति के दिख रहे हैं। शीघ्र ही इन्हें पकड़ा जाएगा। जड़ से खात्मे के लिए जरूरी है कि नशे पर लगाम लगाई जाए। पुलिस नशा बेचने वालों को भी पकड़ रही है।

Q. घरों के बाहर ही महिलाओं को लूट जैसी वारदात का शिकार बनाया जा रहा है, कितने सुरक्षित हैं लोग?

सीनियर पुलिस अफसरों की टीमें बनाकर आरोपियों को चिन्हित किया गया है। संदिग्ध लोगों की सूची जुटाकर प्रयास किए जा रहे हैं।

लोग पुलिस पर विश्वास करें और खुद भी सावधानी बरतें। अब हम और अधिक सख्ती करेंगे और अपराधियों को जल्द से जल्द पकड़ेंगे।