11 हजार केवी बिजली लाइन की चपेट में आने से 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई।
घटना गुरुवार शाम तहसील के गांव भूकरका की है। घटना के बाद परिजनों व
ग्रामीणों ने बिजली विभाग के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए
युवक के शव का पोस्टमार्टम करवाने से इंकार कर दिया। समाचार लिखे जाने तक
जनप्रतिनिधि व परिजन अस्पताल में मौजूद थे। थाना प्रभारी ईश्वर सिंह व
बिजली विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर समझाइश की मगर परिजन व
ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े हुए थे। घटना के बाद युवक के शव को यहां राजकीय
अस्पताल में रखवाया गया। समाचार लिखे जाने तक इस संबंध में कोई मुकदमा दर्ज
नहीं हुआ था। पुलिस व बिजली विभाग के अधिकारी समझाइश में लगे हुए थे।
जानकारी के अनुसार मृतक युवक पवन कुमार पुत्र बीरबल राम मेघवाल गुरुवार को
भूकरका निवासी कृष्ण पूनियां के मकान में छत पर मजदूरी का कार्य कर रहा था।
मजदूरी का कार्य करने के दौरान युवक का संपर्क वहां से गुजर रही 11 हजार
केवी लाइन से हो गया। इसके बाद युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की
जानकारी मिलने पर ग्रामीणों व परिजनों में रोष फैल गया। सूचना पाकर
पालिकाध्यक्ष अमित चाचाण व कांग्रेसी नेता सोहन ढिल, बार संघ के सचिव ओम
सुथार सहित अनेक जनप्रतिनिधि व ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। ग्रामीणों व
परिजनों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पीड़ित परिवार को
मुआवजा देने व लापरवाही बरतने वाले बिजली विभाग के अधिकारियों के खिलाफ
कार्यवाही की मांग की। मकान मालिक कृष्ण पूनियां ने बताया कि बिजली लाइन के
संबंध में उसने गुरुवार को बिजली विभाग के अधिकारियों को कार्यालय में
जाकर अवगत भी कराया था मगर विभाग के अधिकारियों ने कोई ध्यान नहीं दिया।
0 Comments