गांव मिर्जावाली मेर का एक व्यक्ति पुलिस कंट्रोल रूम जयपुर के 100 नंबर पर बार-बार फोन कर झूठी सूचना दे रहा था। इससे परेशान पुलिस ने संबंधित व्यक्ति को समझाइश की लेकिन वह नहीं माना और पुलिस से ही झगड़े पर उतारू हो गया। इस पर पुलिस ने बुधवार को आरोपी को शांतिभंग की आशंका में हवालात में बंद कर दिया। बताया जा रहा है कि गांव मिर्जावालीमेर निवासी मोमनराम पुत्र रूघाराम धानक 100 नंबर पर बार-बार कॉल कर रहा था। 100 नंबर की घंटी जयपुर पुलिस कंट्रोल रूम में बज रही थी।

जयपुर पुलिस ने नंबर ट्रेस किया तो वह हनुमानगढ़ जिले के तलवाड़ा झील थाना क्षेत्र का होना पाया गया। इस पर हनुमानगढ़ पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से तलवाड़ा पुलिस थाना को सूचित कर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई के लिए कहा गया। इसको गंभीरता से लेते हुए तलवाड़ा थाना के हैड कांस्टेबल बेगराज ने संबंधित व्यक्ति को समझाइश की लेकिन वह नहीं माना और पुलिस से ही झगड़ा करने लगा। इस पर मोमनराम को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया।