पीलीबंगा| कस्बे की खरलियां रोड पर शनिवार शाम को बाजार से आ रही एक अधेड़ महिला आवारा सांडों की चपेट में आने से चोटिल हो गईं। प्राप्त जानकारी के अनुसार कस्बे के वार्ड 9 में रहने वाली महिला बाजार से कुछ सामान लेकर अपने घर की तरफ आ रही थी। तभी सामान को हाथ में देखकर आवारा सांड उसके पीछे पड़ गए। उसने भागने का काफी प्रयास किया परंतु सांडों ने उसे घायल कर दिया। घटना के तुरंत बाद मौके पर दुकानदारों की भीड़ जमा हो गई। जिन्होंने सांडों को वहां से भगाया। कस्बे में निरंतर बढ़ रही आवारा पशुओं की संख्या बच्चों व महिलाओं और बुजुर्गों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं। नगरवासियों ने प्रशासन से कस्बे में नंदीशाला के निर्माण की मांग की है।