गोलूवाला पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए रविवार रात को दो लोगों को 30 किलोग्राम पोस्त सहित गिरफ्तार किया है। इसमें एक आरोपी की कार जब्त की गई है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस दोनों को सोमवार को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी। थानाप्रभारी हंसराज लूणा ने बताया कि एसपी अनिल कयाल के निर्देश पर अभियान के तहत गांव अयालकी के पास नीले रंग की कार को रोककर तलाशी ली तो उसमें 25 किलोग्राम पोस्त बरामद हुआ। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी सुशील पुत्र जगदीश बिश्नोई निवासी 13 केएसडी सादुलशहर को गिरफ्तार कर कार जब्त कर ली। वहीं दूसरी कार्रवाई उम्मेवाला तिराहे के पास की गई। इसमें ओमप्रकाश बिश्नोई पुत्र खानूराम बिश्नोई थाना चाखू तहसील फलौदी को पांच किलोग्राम डोडा पोस्त सहित गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि आरोपियों से पूछताछ में यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि वह कहां से पोस्त लाकर किसको सप्लाई देने जा रहे थे।